प्रयागराज। प्रयागराज से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बारा थाना क्षेत्र के सोनवर्षा हल्लाबोल गांव में तेज गर्मी और उमस भरी रात के बीच आसमान से गिरी बिजली ने एक पूरे परिवार को एक झटके में खत्म कर दिया। इस हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो मासूम बेटियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान वीरेंद्र वनवासी (35), उनकी पत्नी पार्वती वनवासी (32), बेटी राधा (3) और करिश्मा (2) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार अपने खेत में बनी एक छोटी सी झोपड़ी (मड़ई) में सो रहा था। चारों एक साथ दो चारपाइयों पर लेटे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी और देखते ही देखते झोपड़ी जलकर राख हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह परिवार बेहद गरीब था और बारिश से बचने के लिए खेत की इस झोपड़ी में ही रातें बिताता था। गांव वालों ने जब तेज आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी और परिवार के सभी सदस्य दम तोड़ चुके थे।
प्रशासन ने जताया दुख, मिलेगा मुआवजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आश्वासन दिया है कि सरकार की आपदा राहत योजना के तहत पीड़ित परिवार को जल्द ही मुआवजा प्रदान किया जाएगा।