उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक कपल का सरेआम चलती बाइक पर रोमांस करना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ₹53,500 का चालान काट दिया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग कपल का जमकर मजाक भी बना रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती बाइक की फ्यूल टैंक (डिग्गी) पर बैठी है और बाइक चला रहे युवक को दोनों हाथों और पैरों से कसकर पकड़े हुए है। खास बात यह है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। वीडियो यमुना एक्सप्रेसवे का बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होते ही नोएडा पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए बाइक की पहचान कर ली और वाहन मालिक के खिलाफ ई-चालान जारी कर दिया। ट्रैफिक नियमों के तहत हेलमेट न पहनने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन जैसी गंभीर धाराओं में कुल ₹53,500 का चालान काटा गया।
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों ने खूब मजेदार रिएक्शन दिए। एक यूजर ने लिखा, “₹53,500 में तो थाईलैंड घूम आते!” वहीं कई लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, तो कुछ ने इस तरह के सार्वजनिक कृत्यों को गैर-जिम्मेदाराना और अनुशासनहीन बताया।