गोदावरी नदी में नहाते समय हादसा, राजस्थान के पांच युवकों की डूबने से मौत

By: PalPal India News
June 17, 2025

नई दिल्ली. तेलंगाना के बसारा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां गोदावरी नदी में नहाते समय राजस्थान के पांच युवक तेज बहाव में बह गए, जिससे उनकी मौत हो गई। सभी युवक हैदराबाद के दिलसुखनगर से अपने परिवार के 18 लोगों के समूह के साथ पवित्र स्नान के लिए बसारा घाट पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक, सभी युवक नदी के सीढ़ियों वाले घाट पर नहा रहे थे, तभी अचानक तेज पानी के बहाव में फंसकर बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन किसी को भी नहीं बचाया जा सका।

हादसे में जिन युवकों की जान गई, उनमें ऋतिक (18), राकेश (17), विनोद (18), मदन (18) और एक अन्य युवक शामिल हैं। इनमें से चार युवक राजस्थान के पाली जिले से थे, जबकि एक युवक नागौर जिले के ताऊसर गांव का रहने वाला था।

घटना के बाद दोनों जिलों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि मृतक ऋतिक के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और अब बेटे की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया है। गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, माहौल गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

शवों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजस्थान भेजा जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *