मुंबई। मुंबई और इसके आसपास के जिलों में रविवार से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। फिलहाल मुंबई, ठाणे, पालघर, वसई और विरार में बारिश रुक-रुक कर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 1-2 घंटों में बारिश के और तेज होने की संभावना जताई है।
सोमवार, 16 जून को मुंबई, पालघर और अन्य जिलों में 150 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया और यातायात प्रभावित हुआ। वेस्टर्न रेलवे की सेवाएं सामान्य बनी रहीं, लेकिन सेंट्रल रेलवे और हार्बर लाइन की ट्रेनों में कुछ मिनटों की देरी देखने को मिली।
महाराष्ट्र में मानसून सक्रिय, गर्मी से राहत
पूरे महाराष्ट्र में मानसून सक्रिय हो गया है और कई जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता कम बनी हुई है। तेज बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। खासतौर पर किसान वर्ग काफी प्रसन्न है और खेतों की जुताई-बुआई में तेजी से जुट गया है।
समय से पहले पहुंचा मानसून
इस बार मानसून ने अपने निर्धारित समय से लगभग दो सप्ताह पहले मुंबई में दस्तक दी है। सामान्य तौर पर मानसून मुंबई में 11 जून के बाद पहुंचता है, लेकिन इस बार समय से पहले सक्रिय हो गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।