पलपल इंडिया प्रतिनिधि। एक युवक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी। पत्नी का प्रेम प्रसंग पिछले दो साल से चल रहा था।उत्तर प्रदेश के जौनपुर से आई एक घटना ने समाज में नई बहस छेड़ दी है। दरअसल, यहां के एक युवक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी। पति ने मंदिर में खुद अपनी मौजूदगी में पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवाई।
यह मामला जौनपुर जिले के शाहगंज तहसील के सराय मोहिद्दीनपुर गांव का है। दरअसल, अरविंद बिंद नामक व्यक्ति की शादी दो साल पहले सरायख्वाजा गांव की एक लड़की से हुई थी। शादी के बाद अरविंद नोएडा में नौकरी करने चला गया और उनकी पत्नी गांव में ही रहती थी। इसी दौरान पत्नी का प्रेम प्रसंग गांव के ही सौरभ बिंद से शुरू हो गया, जो पिछले दो साल से चल रहा था।
अरविंद ने कई बार अपनी पत्नी को इसके लिए मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। वह सौरभ बिंदू से लगातार बात कर रही थी। इससे परेशान होकर अरविंद अपनी पत्नी को साथ नोएडा ले गया। नोएडा पहुंचने के बाद भी पत्नी का व्यवहार नहीं बदला। उसने खाना-पीना छोड़ दिया। सिर्फ पति का भोजन बनाकर रख देती थी, लेकिन खुद नहीं खाती थी। पति को इस बात का डर सताने लगा कि कहीं पत्नी खाने में जहर न मिला दे, जिसके चलते वह बाहर खाना खाता था।
पत्नी के व्यवहार से तंग आकर अरविंद उसे लेकर वापस गांव आ गया। इसके बाद उसने प्रेमी सौरभ बिंद को बुलवाया और अपनी मौजूदगी में गांव के एक मंदिर में अपनी पत्नी की शादी उससे करवा दी। प्रेमी खुशी-खुशी महिला की मांग में सिंदूर भर रहा है। अरविंद ने दोनों को आशीर्वाद भी दिया और कहा, “जाओ, जहां भी रहो, खुश रहो।”