स्टोक्स को खलने लगी विराट की कमी, बोले- 18 नंबर की जर्सी न दिखना अजीब होगा

By: PalPal India News
June 19, 2025

नई दिल्ली। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में विराट कोहली की कमी महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि 20 जून से शुरू हो रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में मैदान पर ‘जर्सी नंबर-18’ को न देखना काफी अजीब लगेगा। स्टोक्स ने माना कि कोहली की ‘जुझारू भावना’ भारतीय टीम में खास कमी के रूप में महसूस की जाएगी।

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्टोक्स ने कोहली की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि भारत को कोहली की जुझारू मानसिकता, उनकी प्रतिस्पर्धा और जीतने की भूख की बहुत कमी खलेगी। उन्होंने 18 नंबर की जर्सी को अपना बना लिया है। किसी भारतीय खिलाड़ी की पीठ पर 18 नंबर न देखना थोड़ा अजीब होगा। वह लंबे समय से भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।”

स्टोक्स ने आगे कहा, “कोहली अविश्वसनीय खिलाड़ी रहे हैं। वह इस सम्मान के हकदार हैं। मुझे यकीन है कि भारत में और यहां इंग्लैंड में भी उनके प्रशंसक उनकी जमकर तारीफ करते हैं। खासकर इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने हमेशा शानदार प्रदर्शन किया है।”

बेन स्टोक्स ने यह भी बताया कि कोहली के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने उन्हें व्यक्तिगत रूप से संदेश भेजा था। स्टोक्स बोले, “मैंने उन्हें मैसेज किया था कि आपके खिलाफ न खेल पाना दुख की बात होगी, क्योंकि मुझे विराट के खिलाफ खेलना हमेशा पसंद रहा है। मैदान पर हम दोनों के बीच मुकाबला हमेशा एक लड़ाई की तरह होता है, जिसमें हम दोनों अपना सब कुछ झोंक देते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *