शादी के 50 दिन बाद प्रेमी संग हुई फरार, CCTV से खुला राज तो उड़े ससुराल वालों के होश

By: PalPal India News
June 19, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। हापुड़ में एक युवती शादी के 50 दिन बाद अपने प्रेमी संग फरार हो गई। पति ने आरोप लगाया कि वो अपने साथ लाखों के गहने और नकदी लेकर भी फरार हुई।

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांव सरावा में शादी के करीब 50 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी संग फरार हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर से लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुई। इस मामले में हापुड़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद पुलिस ने विवाहिता को बरामद कर लिया है। दरअसल सरावा गांव निवासी सलमान, कारपेंटर का काम करत है। उसका निकाह 25 अप्रैल को लोनी निवासी सना नाम की युवती से हुआ था। सलमान के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 मई की रात को सना ने घर के सभी सदस्यों को बड़े प्यार से दही की लस्सी पिलाई। लस्सी पीने के बाद सभी लोग बेहोश हो गए। सुबह करीब 7:00 बजे पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाकर उन्हें जगाया, तब पता चला कि सलमान की पत्नी गायब थी और घर से 44,500 रुपये नकद और लाखों के गहने भी गायब थे।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

परिजनों ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें सना रात करीब 12:30 बजे एक युवक के साथ बाइक पर जाती हुई दिखाई दी। इसके आधार पर परिजनों को शक हुआ कि सना ने उन्हें लस्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। विवाहिता के परिजनों से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद परिवार ने हापुड़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।

25 अप्रैल को हुई थी शादी

डीएसपी हापुड़ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के सरावा गांव से संबंधित इस मामले में सना की शादी डेढ़ से दो महीने पहले सलमान से हुई थी। सना गाजियाबाद की रहने वाली है और उसका पहले से ही सिंभावली, हापुड़ के वेट गांव निवासी सोहेल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो लोनी, गाजियाबाद में एसी रिपेयरिंग का काम करता है। ईद से कुछ दिन पहले सोहेल, सना के ससुराल में सिलाई मशीन दिखाने के बहाने उससे मिलने आया था और उसके बाद उनकी बातचीत फिर से शुरू हो गई। 13-14 जून की रात करीब 1:30 बजे सना सोहेल के साथ बाइक पर बैठकर चली गई।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में हापुड़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था और सना को बरामद कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने इस बात पर संदेह व्यक्त किया है कि लस्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया था, क्योंकि घटना रात 1:30 बजे की थी और ऐसे कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी प्रमाण मिलेंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि प्रेमी संग पकड़े जाने के बाद पुलिस के सामने सना ने अपने पति सलमान के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। इसके चलते पुलिस ने सना को उसके रिश्तेदारों को सौंप कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *