पलपल इंडिया प्रतिनिधि। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम में एक भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शहर के आर के बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर लंबे गलियारे में कार्यक्रम को आयोजित किया जाएगा। वहां तीन लाख से अधिक लोग एक साथ योग कर सकेंगे। वहीँ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह कार्यक्रम सुबह साढ़े छह बजे से आठ बजे तक चलेगा। इस कार्यक्रम को इस तरह से आयोजित किया जाएगा कि ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ सहित कई रिकॉर्ड स्थापित हों। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह कार्यक्रम सुबह साढ़े छह बजे से आठ बजे तक चलेगा। इस कार्यक्रम को इस तरह से आयोजित किया जाएगा कि ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ सहित कई रिकॉर्ड स्थापित हों।
आंध्र प्रदेश सरकार का 21 जून को न केवल विशाखापत्तनम में बल्कि पूरे राज्य में एक साथ कई गतिविधियों का आयोजन कर, कई लाख लोगों को योगाभ्यास में शामिल कर रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। दुनिया भर के कई देशों द्वारा मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विषयवस्तु ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ रखी गई है। नायडू ने कहा, ‘‘25,000 से अधिक आदिवासी छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे। इसका उद्देश्य सबसे बड़े समूह और सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड बनाना है।’’
सरकार का लक्ष्य राज्य भर में एक लाख केंद्रों में योग सत्र आयोजित करना और विशाखापत्तनम में योग गतिविधियों में भाग लेने के लिए पांच लाख लोगों को आकर्षित करना है। विशाखापत्तनम में आर के बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर के क्षेत्र में व्यापक व्यवस्था किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान एक साथ 3.19 लाख लोग योग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य, देश और दुनिया भर के आठ लाख स्थानों से प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि योग दिवस की गतिविधियों में भागीदारी के लिए दो करोड़ के अनुमान से भी अधिक 2.39 करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
इस बीच, विशाखापत्तनम में कार्यक्रम के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरीश कुमार गुप्ता ने पहले कहा, ‘‘1,200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन 26 किलोमीटर के उस हिस्से पर नजर रखेंगे जहां हजारों लोग योग करेंगे। सुरक्षा के लिए करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।’’ इस आयोजन के दौरान समन्वय और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्च प्रौद्योगिकी से लैस एक पुलिस नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और अन्य प्रमुख मंत्रियों के शामिल होने के कारण हर स्तर पर मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।