पलपल इंडिया प्रतिनिधि। अधारताल थाना क्षेत्र स्थित तालाब में बीते 17 जून को उतराती हुई लाश मिलने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। दरअसल मृतक को उसकी दूसरी पत्नी ने ही मारपीट कर मौत के घाट उतारा था और फिर लाश को तालाब के गहरे पानी में फेंक दिया था। टीआई प्रवीण कुमरे ने बताया कि नेहरू नगर कंचनपुर निवासी 35 वर्षीय अरविन्द उर्फ रिंकू गोंटिया 15 जून की सुबह करीब 8 बजे टिफिन लेकर घर से निकला था, लेकिन वह लौटकर वापस नहीं आया। इसी बीच उन्हें अरविंद की लाश तालाब में उतराने की जानकारी मिली। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर लाश को पीएम के लिए भिजवाकर जांच शुरू की। इस बीच पुलिस टीम ने जांच करते हुए मृतक के परिजनों एवं साथियों के बयाना लिए। इस पर यह बताया गया कि मृतक अरविन्द उर्फ रिंकू एवं उसकी दूसरी पत्नी गनेशी बाई के बीच तालाब के किनारे मारपीट हुई थी और बाद में अरविंद को तालाब के गहरे पानी में ढकेलते हुए भी देखा था। पीएम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सिर में कठोर वस्तु मारने के कारण आई अंदरूनी चोटों का आना पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की दूसरी पत्नी 35 वर्षीय गनेशी बाई को धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत दुर्गा मंदिर रोड अधारताल से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्थर से हमला कर मृतक को पानी में ढकेलना स्वीकार कर लिया। विधिवत रूप से गनेशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।