ब्राज़ील में बड़ा हादसा: हॉट एयर बैलून क्रैश, 8 लोगों की मौत

By: PalPal India News
June 22, 2025

नई दिल्ली. ब्राज़ील के दक्षिणी राज्य सैंटा कैटरीना में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा एक हॉट एयर बैलून अचानक क्रैश हो गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।राज्य के गवर्नर जॉर्जिन्हो मेलो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैलून में कुल 22 लोग सवार थे। अब तक 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी लापता यात्रियों की तलाश तेजी से जारी है। गवर्नर के अनुसार, प्राया ग्रांडे इलाके में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिखा भयानक मंजर

सोशल मीडिया पर इस हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हवा में उड़ते बैलून में अचानक आग लग जाती है और वह तेजी से नीचे गिरने लगता है। आग के कारण बैलून की संरचना टूट जाती है और कुछ ही देर में वह जमीन से टकरा कर पूरी तरह जल जाता है।

शहर में पसरा मातम, हादसे की जांच शुरू

गवर्नर मेलो ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “यह घटना बेहद दुखद और अप्रत्याशित है, हम सभी इससे स्तब्ध हैं।” उन्होंने बताया कि प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। बचाव टीम लगातार लापता लोगों की खोज और राहत कार्यों में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *