पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इंदौर एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट ‘6E 6332’ टेकऑफ के लिए तैयार थी तभी प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट को जैसे ही तकनीकी खराबी का एहसास हुआ, उन्होंने फौरन फ्लाइट को रनवे से वापस टर्मिनल पर लाया। इसमें 140 यात्री सवार थे।
इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट ‘6E 6332’ (एयरबस A320 नियो विमान) सोमवार को रनवे के बीच से वापस लौट आई। जानकरी के अनुसार बताया गया है कि फ्लाइट टेकऑफ के लिए तैयार थी तभी प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई। इसमें 140 यात्री सवार थे। फ्लाइट के पायलट को जैसे ही तकनीकी खराबी का एहसास हुआ, उन्होंने फौरन फ्लाइट को रनवे से वापस टर्मिनल पर लाया। शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इंदौर एयरपोर्ट की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट आया था, जिसके चलते तुरंत ही फ्लाइट को वापस बुलाया गया था, जहां करीब एक घंटे बाद विमान को रवाना किया गया। इस दौरान एक घंटे तक विमान रनवे पर खड़ा रहा, हालांकि इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे और फ्लाइट ठीक होने का इंतजार करते रहे।
एयरपोर्ट के डायरेक्टर विपिनकांत सेठ ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या ‘6E 6332’ में तकनीकी खराबी का अहसास पायलट को तब हुआ, जब यह विमान उड़ान भरने के लिए रन-वे की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि विमान को वापस ‘एप्रन’ पर लाया गया और इंजीनियरों द्वारा ‘मामूली तकनीकी खराबी’ में सुधार किए जाने के बाद विमान को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।