पलपल इंडिया प्रतिनिधि। लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान एक छोटी बच्ची ने CM योगी के सामने अपने पढ़ने की इच्छा जाहिर करते हुए स्कूल में अपना दाखिला कराने की बता कही है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सीएम योगी उस बच्ची से प्यार से बात करते हुए नजर आते हैं।
लखनऊ में जनता दर्शन लगाया गया था जिसमें एक छोटी बच्ची भी पहुंची थी। वो CM योगी से स्कूल में एडमिशन कराने की गुहार लगाती हुई नजर आई और CM योगी भी बच्ची संग मुस्कुराते हुए बातें करते नजर आए। दोनों की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में नजर आता है कि सीएम योगी बच्ची से मजाक करते हुए कहते हैं, ‘मतलब तू स्कूल नहीं जाना चाहती है।’ बच्ची यह सुनते ही कहती है कि नहीं मैं स्कूल जाना चाहती हूं। इसके बाद सीएम उस बच्ची से पूछते हैं कि वो क्या चाहती है जिसका जवाब देते हुए बच्ची कहती है, ‘मैं ये कह रही हूं कि आप स्कूल में एडमिशन करवा दो।’
इसके बाद सीएम योगी उससे पूछते हैं कि उसे किस क्लास में दाखिला चाहिए तो बच्ची बोलती है कि मुझे यह नहीं पता है। वो उस बच्ची से मजाक में बोलते हैं कि उसका एडमिशन 10वीं में कराना है या फिर 11वीं में। इसके तुरंत बाद सीएम योगी अधिकारी को निर्देश देते हुए कहते हैं कि इसका एडमिशन कराओ।
आपको बता दें कि सीएम योगी जनता की समस्याओं को सुनने के लिए ‘जनता दर्शन’ लगाते हैं जिसमें लोग अपनी परेशानियों को लेकर पहुंचते हैं। इसके साथ ही वो उनके हल करने के भी आदेश देते हैं। आमतौर पर जनता दर्शन लखनऊ में स्थित मुख्यमंत्री आवास पर लगाया जाता है मगर कई बार गोरखपुर में भी गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन लगाया जाता है।