पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में हैरान कर देने वाली घटना देखने को मिली है। नेहा नाम की लड़की को तौफीक नाम के एक लड़के ने छत की 5वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया है। इसके बाद आनन-फानन में घायल नेहा को नजदीकी जीटीबी नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। लड़की के पिता का आरोप है कि तौफीक बुर्का पहनकर उनके घर में घुसा था। उसने लड़की के पिता को भी धक्का दिया। इस घटना पर लड़की के पिता का कहना है कि नेहा तौफीक को राखी बांधती थी। उनका परिवार करीब 3 साल से तौफीक को जानता है।
लड़की के पिता ने बताया कि नेहा अब तौफीक से बात नहीं करना चाहती थी। फिर भी तौफीक नेहा को लगातार परेशान करता था। वह उसे धमकी भी देता था। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने तौफीक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, तौफीक मुरादाबाद का रहने वाला है और फिलहाल वह फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।