लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने सीएम यादव के प्रति चिडि़याघर बनाने की घोषणा पर जताया आभार

By: PalPal India News
June 25, 2025

जबलपुर।  मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्‍य आतिथ्‍य में आज वीरांगना रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर वीरांगना रानी दुर्गावती की समाधि स्‍थल पर नमन एवं पुष्‍पांजली अर्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक रानी दुर्गावती को समर्पित करते हुए गोंडवाना की धरती पर करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आज हम सभी यहां रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं। रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस सिर्फ इतिहास का स्मरण करने का नहीं है बल्कि इतिहास में अंकित इन सुनहरी स्मरणों को याद करते हुए गौरवान्वित होने का भी है। जब मुगल पूरे देश में आतंक फैला रहे थे और यहां की रियासतों पर अत्याचार कर रहे थे तब गोंडवाना की रानी दुर्गावती ने उनके सामने झुकने से मना कर दिया और युद्ध करने आए आसफ खान को ललकार कर कहा कि मैं अपनी मातृभूमि गोंडवाना की धरती पर किसी का कब्जा नहीं होने दूंगी। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती की यादें इतिहास की स्मृतियों से कभी धुंधली नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि महारानी दुर्गावती का स्मरण करते हैं तो उनका ऐसा तेज ध्यान में आता है जिसकी चमक इतिहास की स्मृतियों से कभी धुंधली नहीं हो सकती। महारानी दुर्गावती का शासन, उनका तेज, उनका गौरव एवं नारी नेतृत्व की मिसाल के सामने इतिहास भी सिर झुकाता है। महारानी के प्रशासन और जल प्रबंधन को लेकर आज वैज्ञानिक भी आश्चर्य चकित हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों 10 करोड़ रुपए की राशि समाधि स्थल के विकास लिए स्वीकृत कराई गई थी। समाधि स्‍थल को और भव्‍य और आकर्षक बनाने के लिए केन्‍द्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत से और राशि स्‍वीकृत करने की मांग की। उन्‍होंने कहा कि आने वाले समय में रानी दुर्गावती का यह समाधि स्थल महाकौशल के लिए नहीं बल्कि पूरे देश में नारी शक्ति के बलिदान की जीती जागती मिसाल बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।

लोक निर्माण मंत्री ने जताया आभार

    लोक निर्माण मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आग्रह पर जबलपुर के ठाकुरताल स्थित पहाड़ी पर वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम से चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर बनाने की घोषणा की गई है। यह जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और महाकौशल एवं समस्त गोंडवाना क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि यह चिड़ियाघर न केवल जबलपुर के लिए बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक स्थल होगा। इससे जबलपुर की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बनेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस पहल के लिए लोक निर्माण मंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जबलपुर के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर के बनने से जबलपुर की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी और यह शहर के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *