मुंबई. मनोरंजन जगत से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनका असामयिक जाना फिल्म इंडस्ट्री और उनके लाखों प्रशंसकों के लिए एक गहरा आघात बनकर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 27 जून की रात शेफाली की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी, उन्हें तत्काल तीन अन्य लोगों के साथ मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अफसोस कि डॉक्टरों ने उन्हें वहां पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया, ताकि मृत्यु के कारण की पुष्टि की जा सके। शुरुआती रिपोर्ट्स में कार्डियक अरेस्ट को ही कारण बताया गया है।
जैसा कि किसी भी हाई-प्रोफाइल आकस्मिक मौत के मामले में होता है, मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने एहतियातन शेफाली के अंधेरी स्थित घर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। यह एक मानक प्रक्रिया है, लेकिन सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में इसे लेकर संदेहास्पद मौत की अटकलें भी सामने आने लगीं। हालांकि, अधिकांश रिपोर्ट्स इस बात पर जोर दे रही हैं कि उनकी मौत स्वाभाविक और मेडिकल कारणों से ही हुई है।
‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मिली पहचान- शेफाली जरीवाला को 2002 में रिलीज़ हुए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से जबरदस्त पहचान मिली थी। उनका ग्लैमरस अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस उन्हें रातोंरात युवाओं की पसंदीदा स्टार बना गया। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम्स, रियलिटी शोज़ और फिल्मों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका अचानक इस तरह चले जाना सिर्फ मनोरंजन जगत की क्षति नहीं, बल्कि उन लाखों प्रशंसकों के लिए भी गहरा झटका है, जिन्होंने उन्हें एक आइकॉन के रूप में देखा था।