बर्मिंघम. भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन ग्राउंड पर खेला जा रहा है। पहले टेस्ट में हार झेलने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में मजबूत वापसी की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 85 ओवर में 5 विकेट खोकर 310 रन बना लिए हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में नजर आए और दिन का खेल समाप्त होने तक 114 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने 216 गेंदों में 12 चौकों की मदद से यह पारी खेली। उनके साथ रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत कमजोर रही और टीम को महज 15 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया। इसके बाद यशस्वी जयसवाल और करुण नायर ने पारी को संभालते हुए स्कोर को 100 रन के करीब पहुंचाया।
यशस्वी जयसवाल ने 87 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को स्थिरता प्रदान की। हालांकि करुण नायर बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। गेंदबाजी की बात करें तो इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट झटके, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स, ब्रायडन कार्स और शोएब बशीर ने एक-एक सफलता हासिल की। गौरतलब है कि पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी।