पीएम मोदी 30 साल में घाना जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री, मिला गार्ड ऑफ ऑनर

By: PalPal India News
July 3, 2025

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पश्चिम अफ्रीकी देश घाना पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। वे पिछले तीन दशकों में घाना की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी दी गई, जो भारत-घाना के मधुर और मजबूत संबंधों का प्रतीक है।

होटल आगमन पर भारतीय प्रवासी समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों के एक समूह ने “हरे राम, हरे कृष्ण” भजन की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने घाना को “भारत का मूल्यवान मित्र” बताते हुए कहा कि यह देश अफ्रीका और वैश्विक दक्षिण (Global South) में भारत का एक अहम साझेदार है। उन्होंने घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रमानी महामाह से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को कई क्षेत्रों में और सुदृढ़ करने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री 3 जुलाई को घाना की संसद को भी संबोधित करेंगे, जिसे उन्होंने “सम्मान की बात” कहा।

पांच देशों के दौरे पर निकले पीएम मोदी, घाना के बाद ये होंगे अगले पड़ाव:

त्रिनिडाड एंड टोबैगो (3-4 जुलाई): प्रधानमंत्री कमला पसाद बिसेसर के आमंत्रण पर यात्रा।

अर्जेंटीना (4-5 जुलाई): राष्ट्रपति जावियर मिली से द्विपक्षीय वार्ता।

ब्राजील (5-8 जुलाई): रियो डी जेनेरियो में BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

नामीबिया (9 जुलाई): राष्ट्रपति नेटुम्बो नांदी-नडाइत्वा के निमंत्रण पर आधिकारिक दौरा।

प्रधानमंत्री की यह बहुपक्षीय यात्रा भारत के वैश्विक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने का प्रयास मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *