झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 29 साल की पूजा जाटव ने कथित रूप से धन और संपत्ति के लालच में रिश्तों की सारी सीमाएं लांघ दीं। उस पर अपने पति की हत्या करवाने, देवरों के साथ संबंध बनाने और अंततः सास की भी हत्या करने का आरोप है।
पूजा जाटव की कहानी उसके पति की रहस्यमयी मौत से शुरू होती है, जिसमें आरोप उसी पर लगा। पति की मौत के बाद वह अपने देवर कल्याण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। कुछ समय बाद कल्याण की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद पूजा ने अपने बड़े देवर संतोष से संबंध बना लिए और दोनों को एक बच्चा भी हुआ।
पूजा की 54 वर्षीय सास, सुशीला देवी, उसके इस पूरे खेल में सबसे बड़ी रुकावट बन गई थीं, खासकर जब संपत्ति की बात आई। पूजा को शक था कि सास उसे जायदाद में हिस्सा नहीं लेने देगी। ऐसे में उसने सुशीला देवी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
24 जून को पूजा ने अपनी बहन और बहन के प्रेमी अनिल वर्मा की मदद से सुशीला देवी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी घर से करीब 8 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने पूजा और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया। अनिल वर्मा फरार था, लेकिन पुलिस ने उसे हाल ही में एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार और चोरी किए गए गहने भी बरामद हुए हैं। इस पूरी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।