जबलपुर। युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने शासकीय संभागीय आईटीआई जबलपुर में दो दिवसीय आईटीआई प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। प्लेसमेंट ड्राइव में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा 7 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले आवेदकों का 8 जुलाई को साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा।
संस्थान के प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लेसमेंट ड्राइव में हरियाणा के खरखोड़ा सोनीपत जिले की कंपनी मारूति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा एफटीए पद पर प्रतिमाह 28 हजार रूपए वेतन मान पर आवेदकों का चयन किया जायेगा। प्लेसमेंट ड्राइव में पेंटर जनरल, मैकेनिक डीजल, फिटर, फाउंड्री मैन, मशीनिष्ट, मशीनिष्ट ग्रान्डर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक ट्रेक्टर, मैकेनिक ऑटोवॉडी पेंटिंग, मैकेनिक ऑटोवॉडी रिपेयर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, शीट मेटल वर्कर, टेक्नीशियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, टूल एण्ड डाई मेकर, जिग एण्ड फिक्चर, टर्नर एवं वेल्डर से आईटीआई उत्तीर्ण करने वाले 18 से 24 वर्ष की आयु के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।