पलपल इंडिया प्रतिनिधि। अगर आप यूट्यूबर हैं और यूट्यूब पर केंटेंट क्रिएट करते हैं, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. YouTube ने अपने YouTube पार्टनर प्रोग्राम (YPP) के तहत मोनेटाइजेशन नियमों में बदलाव की घोषणा की है. ये बदलाव 15 जुलाई से लागू होंगे. इसके तहत, जो क्रिएटर्स बार-बार एक जैसे, कॉपी किए हुए या बड़े पैमाने पर बनाए गए वीडियो अपलोड करते हैं, वे अब रेवेन्यू कमाने के योग्य नहीं होंगे.
दरअसल, सबसे पुराने और लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफार्मों में से एक यूट्यूब, गैर-मूल और दोहराए गए कंटेंट पर सख्ती कर रहा है. ये यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम (YPP) के लेटेस्ट अपडेट का हिस्सा है और नई नीति 15 जुलाई, 2025 से कंटेंट क्रिएटर्स के लिए लागू होगी. आसान भाषा में इसे इस तरह समझें कि आपके अगर कॉपी किया गया कंटेंट या एक ही वीडियो बार-बार अपलोड किया है तो उस पर कोई रेवेन्यू नहीं हो पाएगा.
प्रामाणिक कंटेंट को ही प्रमोट किया जाएगा
नई नीति का मुख्य उद्देश्य उन कंटेंट को हटाना है जो बड़े पैमाने पर दोबारा यूज किए गए हैं और दर्शकों को कोई मूल्य या बहुत कम मूल्य दे रहे हैं. यानी वीडियोज में हर बार एक ही बात कही गई है, तो ऐसे वीडियोज पर पैसे नहीं मिल पाएंगे. संशोधित दिशानिर्देश यूट्यूब के आधिकारिक सपोर्ट पेज पर प्रकाशित किए गए हैं, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि केवल मूल और प्रामाणिक कंटेंट को ही प्रमोट किया जाएगा और प्लेटफार्म से मोनेटाइज किया जाएगा.