दूसरे टेस्ट में भारत जीत से महज 7 विकेट दूर, इंग्लैंड के सामने 536 रनों की बड़ी चुनौती

By: PalPal India News
July 6, 2025

 नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली है। इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का विशाल लक्ष्य मिला है, जिसके जवाब में उसने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को अभी भी 536 रन की जरूरत है, जबकि उसके सिर्फ 7 विकेट शेष हैं।

इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज़ ज़ैक क्रॉली खाता खोले बिना ही मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद बेन डकेट ने तेज़ी से 25 रन बनाए लेकिन आकाश दीप की गेंद पर बोल्ड हो गए। अनुभवी बल्लेबाज़ जो रूट भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और केवल 6 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आउट हो गए। स्टंप्स के समय ओली पोप 24 और हैरी ब्रूक 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से आकाश दीप ने 2 और सिराज ने 1 विकेट लिया।

इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी में दमदार बल्लेबाज़ी करते हुए 83 ओवर में 6 विकेट पर 427 रन बनाकर पारी घोषित की। इस तरह भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रनों का लक्ष्य दिया।

भारत की पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने की। जायसवाल ने 28 रन बनाए और जोश टंग की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। राहुल ने 84 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। करुण नायर ने 26 रनों की पारी खेली।

कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 162 गेंदों में 13 चौके और 8 छक्कों की मदद से 161 रन की आक्रामक पारी खेली। उनके बाद ऋषभ पंत ने तेज़ 65 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा 69 रन बनाकर नाबाद रहे। वॉशिंगटन सुंदर ने भी अंत में 12 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती दी।

इंग्लैंड की ओर से जोश टंग और शोएब बशीर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि ब्रायडन कार्स और जो रूट को 1-1 सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *