अवैध संबंध के चलते लकवाग्रस्त पति की प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

By: PalPal India News
July 7, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिपत्नी के द्वारा अवैध संबंधो के चलते पति की हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अवैध संबंध में बाधा बन रहे लकवाग्रस्त पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक की पहचान चंद्रसेन बालकृष्ण रामटेक के रूप में हुई है। चंद्रसेन की पत्नी और उसके आशिक ने तकिये से नाक और मुंह दबाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद इसका खुलासा किया है। इसके साथ ही आरोपी मृतक की पत्नी दिशा रामटेक और उसके प्रेमी आसिफ राज इस्लाम अंसारी उर्फ राजा बाबू टायर वाला को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकरी के मुताबिक़ महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मृतक चंद्रसेन बालकृष्ण रामटेक एक कंपनी में काम करता था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे भी थे। करीब डेढ़ साल पहले चंद्रसेन को लकवा हो गया था। इसके बाद से वह घर पर ही रहता था। कमाई का जरिया न होने की वजह से पत्नी दिशा ने घर में वाटर प्लांट आरंभ किया। इसके बाद ड्राइविंग सीखकर वह घर-घर वॉटर कैन की बिक्री करने लगी। इसी बीच उसकी दोस्ती आसिफ से हुई। दिशा का स्वभाव बदलता देख चंद्रसेन को संदेह हुआ और उसे बाद में दिशा और आसिफ के रिश्तों का पता चल गया। वह दिशा को फटकार लगाने लगा।

अवैध संबंध का पता चलने पर की हत्या

इसी बीच आरोपी पत्नी दिशा ने प्रेमी आसिफ के साथ मिलकर चंद्रसेन की हत्या की साजिश रची। दोनों ने 4 तारीख को योजना के मुताबिक चंद्रसेन की हत्या कर दी। चंद्रसेन जब सो रहा था, तभी दिशा ने अपने प्रेमी की मदद से चंद्रसेन के नाक, मुंह और गले को तकिये से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। चंद्रसेन का शव घर में करीब 2 घंटे तक पड़ा रहा। इसके बाद पत्नी उसे लेकर मेडिकल हॉस्पिटल गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस को मुंह, नाक और गाल दबने से चंद्रसेन की मौत होने का पता चला। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी। इसके बाद पुलिस ने दिशा और फरार आरोपी आसिफ को भी हिरासत में ले लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *