पलपल इंडिया प्रतिनिधि। पन्ना-कटनी रोड स्टेट हाईवे में अमानगंज थाना अंतर्गत ग्राम पिपरवाह पेट्रोल पंप के पास सड़क में खड़े जेके सीमेंट के ट्राला में पीछे से एंबुलेंस टकराने से एंबुलेंस में सवार गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई है एवं 6 लोग घायल हो गए हैं। घटना के संबंध में बताया गया है कि बीती 6-7 जुलाई 2025 की रात लगभग 11.30 बजे प्रियंका प्रजापति पति विनोद प्रजापति उम्र लगभग 27 वर्ष निवासी ग्राम पडवार थाना सिमरिया को प्रसव पीड़ा होने पर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पन्ना लाया जा रहा था जैसे ही अमानगंज के आगे ग्राम पिपरवाह के पास पहुंचे पेट्रोल पंप के पास सड़क में खड़े जेके सीमेंट के ट्राला में एंबुलेंस पीछे से टकरा गई इसमें गर्भवती महिला प्रियंका पटेल सहित विनोद प्रजापति उम्र 35 वर्ष, ममता प्रजापति उम्र 40 वर्ष, सोमवती प्रजापति उम्र 45 वर्ष, गला प्रजापति उम्र 40 वर्ष, चमेली बाई उम्र 40 वर्ष एवं साथ में आशा कार्यकर्ता घायल हो गए।
एम्बुलेंस के चालक ने तत्काल फोन कर दूसरी एंबुलेंस मंगवाई जिससे सभी घायलों को जिला अस्पताल पन्ना लाया गया जहां डॉक्टर ने प्रियंका एवं उसके गर्भ में पल रहे शिशु को मृत घोषित कर दिया जिससे परिवार में कोहरा मच गया है। पुलिस ने पंचनामा उपरांत मृतिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है एवं घायलों का जिला अस्पताल पन्ना में इलाज किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि पन्ना-कटनी रोड स्टेट हाईवे सहित नेशनल हाईवे 39 पन्ना-सतना-छतरपुर रोड एवं जिले की अधिकांश सड़कों में जीके सीमेंट के भारी भरकम वाहनों का कब्जा रहता है जिससे अन्य वाहनों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिले की सडकों में प्रतिदिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है एवं लगातार दर्दनाक हादसे हो रहे हैं।