2025 के अंत तक फिर बढ़ सकते हैं मोबाइल रिचार्ज प्लान, ग्राहकों को लग सकता है झटका

By: PalPal India News
July 8, 2025

देश के मोबाइल यूज़र्स को इस साल के अंत तक एक और झटका लग सकता है। खबर है कि टेलीकॉम कंपनियां 2025 के आखिर तक अपने रिचार्ज प्लान्स की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार टैरिफ में 10 से 12% तक इजाफा हो सकता है, खासतौर पर उन यूज़र्स के लिए जो बेसिक से ऊपर वाले प्लान्स का इस्तेमाल करते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई 2024 में टैरिफ बढ़ाया गया था। अब एक बार फिर कंपनियां रेट रिवीजन की योजना बना रही हैं।

रिलायंस जियो और एयरटेल ने जोड़े लाखों नए ग्राहक
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मई 2025 में 74 लाख नए एक्टिव मोबाइल यूज़र्स जुड़े, जो अब तक का एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। इसके साथ ही देश में एक्टिव यूज़र्स की संख्या बढ़कर 108 करोड़ तक पहुंच गई — यह बीते 29 महीनों में सबसे ज्यादा है।

रिलायंस जियो ने मई में 55 लाख नए एक्टिव यूज़र्स जोड़े और अपनी बाजार हिस्सेदारी 53% तक पहुंचा दी। वहीं, एयरटेल ने 13 लाख यूज़र्स के साथ अपनी हिस्सेदारी 36% कर ली।

टियर सिस्टम के आधार पर तय होंगी नई कीमतें
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले टैरिफ बदलाव समान रूप से सभी ग्राहकों पर लागू नहीं होंगे। इसके बजाय टियर सिस्टम के आधार पर, यूज़र्स के डेटा उपयोग, स्पीड की जरूरत, और नेटवर्क उपयोग के समय जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रेट तय किए जा सकते हैं।

एयरटेल के एमडी गोपाल विट्टल ने हाल ही में कहा था कि “एक जैसा प्लान, सभी के लिए” मॉडल अब प्रभावी नहीं है और इसे बदले जाने की जरूरत है।

हालांकि, कंपनियों की ओर से अब तक यह साफ नहीं किया गया है कि संभावित टैरिफ वृद्धि से ग्राहकों पर आर्थिक बोझ कितना बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *