शोरूम में काम करने वाले युवक की शोरूम मालिक ने कराई हत्या, लड़की के साथ प्रेम प्रसंग का हुआ खुलासा

By: PalPal India News
July 8, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में हत्या की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने नागपुर के एक युवक की हत्या के मामले में बुरहानपुर के एक ट्रैक्टर शोरूम के मालिक समेत चार लोगों को पकड़ा है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी है कि इन सभी को 32-वर्षीय चेतन आमोदकर नाम के युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। ट्रैक्टर शोरूम के मालिक सावंत उर्फ रितेश पाटिल पर प्रेम संग के चलते सुपारी देकर युवक की हत्या करवाने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक़ चेतन आमोदकर की हत्या के मामले में सावंत, चंदन जमरे, खूम सिंह तडोले और संजय डाबर को गिरफ्तार किया गया है। सावंत नसीराबाद का रहने वाला है और उसका बुरहानपुर शहर में ट्रैक्टर का शोरूम है। वहीं, तीन अन्य आरोपी बुरहानपुर जिले के निंबोला और झिरनिया क्षेत्र के रहे वाले हैं। आरोप है कि सावंत ने चेतन की हत्या के लिए खूम सिंह और चंदन को एक-एक लाख रुपये की सुपारी दी थी

कैसे की गई युवक की हत्या?

पुलिस के मुताबिक, चेतन अपनी एक महिला मित्र के साथ सावंत के ट्रैक्टर शोरूम में काम करता था। हालांकि, मालिक सावंत का उस लड़की के साथ प्रेम प्रसंग हो गया। पुलिस के मुताबिक, चेतन को इस प्रेम प्रसंग की भनक लग गई। इसके बाद सावंत ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके बाद चेतन को जंगल में ले जाकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

चेतन की लाश एक नर्सरी के पास मिली

पुलिस को बीते 6 मई को चेतन की लाश एक नर्सरी के पास मिली थी। वहीं, पर उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। पहले ये सामान्य मौत प्रतीत हुई लेकिन पोस्टमार्टम में गला घोटकर हत्या की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने युवक की महिला मित्र से जानकारी जुटाई तो पता लगा कि उसे बीते पांच मई को किसी ग्राहक ने ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलने के लिए बुलाया था। उसके बाद वह नजर नहीं आया। इसके बाद की जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग को लेकर चेतन की हत्या की गई। सावंत ने चेतन की हत्या की साज़िश रची और सुपारी दी। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल चेतन की महिला मित्र का इस मामले से संबंध नहीं पाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *