फिल्ममेकर करण जौहर ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धड़क 2’ का नया पोस्टर बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा किया। पोस्टर में तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी एक-दूसरे के प्यार में डूबे नजर आ रहे हैं। सिद्धांत आंखें बंद किए तृप्ति के करीब दिख रहे हैं, जबकि तृप्ति उन्हें प्यार भरी नजरों से निहार रही हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है।
पोस्टर के साथ करण जौहर ने कैप्शन में लिखा, “दो दिल, एक धड़क… ‘धड़क 2’ का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज होगा।” यह फिल्म 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस फिल्म का निर्देशन शाज़िया इकबाल कर रही हैं। यह 2018 की सुपरहिट फिल्म ‘धड़क’ का सीक्वल है, जिसमें ईशान खट्टर और जान्हवी कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ‘धड़क 2’ को धर्मा प्रोडक्शंस, जी स्टूडियोज और क्लाउड 9 पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
फिल्म में सिद्धांत और तृप्ति के अलावा विपिन शर्मा, मंजिरी पुपाला, दीक्षा जोशी, प्रियांक तिवारी, अमित जाट, मयंक खन्ना और अश्वंत लोधी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
गौरतलब है कि सिद्धांत चतुर्वेदी इससे पहले ‘युधरा’ में नजर आए थे, जबकि तृप्ति डिमरी हाल ही में ‘भूल भुलैया 3’ में कार्तिक आर्यन के साथ दिखाई दी थीं।