थप्पड़ कांड के बाद शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ पर उठे सवाल, FDA ने शुरू की जांच

By: PalPal India News
July 10, 2025

मुंबई। मुंबई के आकाशवाणी MLA हॉस्टल की कैंटीन में परोसे गए कथित बासी खाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ ने 8 जुलाई को एक कैंटीन कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में विधायक कर्मचारी को थप्पड़ और घूंसे मारते दिख रहे हैं, जिसे देख आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर आते हैं।

घटना के बाद अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) हरकत में आ गया है। 9 जुलाई को FDA की टीम ने कैंटीन का निरीक्षण किया और पनीर, तुअर दाल, शेज़वान चटनी और तेल के नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट अगले 14 दिनों में आने की उम्मीद है।

विधायक संजय गायकवाड़ ने अपनी सफाई में कहा कि परोसा गया खाना “इंसान के खाने लायक नहीं था”। उनका दावा है कि दाल से बदबू आ रही थी और स्वाद भी बेहद खराब था, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

हालांकि, सोशल मीडिया पर इस हरकत की जमकर निंदा हो रही है। लोग इसे “अत्याचारी और अमानवीय व्यवहार” बता रहे हैं। कर्मचारी संगठनों ने विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, वहीं विपक्षी दलों ने इसे “सत्ता के नशे में चूर नेता की बर्बरता” करार दिया है। विरोधियों का कहना है –
“अगर खाना खराब था तो शिकायत का तरीका होता, हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।” यह मामला अब सिर्फ भोजन की गुणवत्ता नहीं, बल्कि नेताओं के आचरण और जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *