सावन में कांवड़ियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने की नई पहल, QR कोड जरिये मिलेगी यात्रा की जानकारी

By: PalPal India News
July 11, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। हर साल की तरह ही इस साल लाखों की संख्यां में कांवड़िये हरिद्वार से अपनी यात्रा निकालेंगे। इसके लिए प्रशासन ने हाई टेक तैयारी की है। सावन में कांवड़ियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है। कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले QR कोड के जरिए कई तरह की जानकारी ले सकेंगे। उन्हें बस अपने स्मार्टफोन से इसे स्कैन करना होगा। कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले कांवड़ियों के साथ-साथ आम लोग भी अपने फोन में डायवर्ट रूट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, ताकि उन्हें यात्रा में किसी तरह की दिक्कत न हो। दिल्ली पुलिस ने कांवड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें। एडिशनल कमिश्नर दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा, ‘हमने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। कृपया निर्धारित मार्गों का पालन करें।’

कांवड़ यात्रा पर निकले कांवड़ियों के साथ-साथ अन्य लोग अपने फोन में रास्ते में जगह-जगह लगे QR कोड को स्कैन करके रूट डायवर्जन की जानकारी ले सकते हैं। इसके लिए उनके पास स्मार्टफोन होना चाहिए। कावंड यात्रा वाले मार्ग पर ये QR कोड्स लगाए गए हैं। इस दौरान कई रास्तों को कांवड़ियों के लिए डायवर्ट किया जाता है। टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से इन रास्तों पर रोजाना सफर करने वाले लोगों को रूट्स की जानकारी मिलेगी और वो जाम में फंसने से बच सकते हैं।

बता दें कि सावन के महीने में 23 जुलाई को सावन की शिवरात्रि मनाई जाएगी। इसके बाद भी 9 अगस्त तक श्रद्धालु गंगाजल चढ़ाते रहेंगे। पिछले साल 4 करोड़ से अधिक कांवड़ियों ने इस यात्रा में हिस्सा लिया था, और इस साल यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। यही वजह है कि प्रशासन ने पहले से ज्यादा पुख्ता तैयारियां की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *