भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 जुलाई से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में निवेश को आकर्षित करना और राज्य की औद्योगिक क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करना है।
दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में मध्यप्रदेश की निवेश नीति, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, रिटेल चेन सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की संभावनाओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इसके साथ ही लुलु इंटरनेशनल ग्रुप, लैंडमार्क ग्रुप और नखील ग्रुप जैसी वैश्विक रिटेल व इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों से उच्चस्तरीय बातचीत भी होगी।
मुख्यमंत्री 16 से 19 जुलाई तक स्पेन में रहेंगे, जहां बार्सिलोना में स्पेन की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों और ग्रीन मोबिलिटी टेक्नोलॉजी से जुड़े निवेशकों से चर्चा करेंगे। इसके अतिरिक्त टेक्सटाइल, गारमेंट और डिजाइन क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं, जिससे पीएम मित्र पार्क, टेक्सटाइल ओडीओपी और वर्धमान क्लस्टर्स को प्रोत्साहन मिल सके। स्पेन यात्रा के दौरान पर्यटन और हेरिटेज हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
मुख्यमंत्री दुबई और स्पेन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश की विविधताओं और निवेश की अनुकूलता से परिचित कराएंगे और उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
गौरतलब है कि डॉ. यादव पूर्व में 24 से 30 नवंबर 2024 के बीच इंग्लैंड और जर्मनी की यात्रा कर चुके हैं, जहां “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन एमपी” के दौरान 77,440 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इसके अलावा, वे 28 जनवरी से 1 फरवरी तक जापान दौरे पर भी गए थे, जिसमें हेल्थ टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्रों में निवेश की दिशा में सकारात्मक पहल हुई थी। इन परियोजनाओं पर अब ज़मीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है।