लॉर्ड्स. भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में खेला जा रहा है। सीरीज में दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं। दूसरे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 337 रनों से हराकर जोरदार वापसी की थी।
चौथे दिन का खेल समाप्त हो चुका है और मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। दूसरी पारी में 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और सिर्फ 5 रन पर पहला विकेट गिर गया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 17.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 58 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 33 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
भारत को अब भी जीत के लिए 135 रन की जरूरत है, जबकि इंग्लैंड को जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 6 विकेट की दरकार है। इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स ने सबसे अधिक दो विकेट चटकाए हैं, वहीं जोफ्रा आर्चर और कप्तान बेन स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।
अब सभी की निगाहें पांचवें और अंतिम दिन पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें ऐतिहासिक जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी। क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक दिन की उम्मीद है, क्योंकि मैच का नतीजा किसी भी दिशा में जा सकता है।