‘बिग बॉस 18’ से सुर्खियों में आईं एक्ट्रेस कशिश कपूर के मुंबई स्थित घर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अंधेरी इलाके में उनके फ्लैट से 4.5 लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं। इस मामले में कशिश ने अपने घरेलू सहायक (नौकर) सचिन कुमार चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जो घटना के बाद से फरार है।
कशिश कपूर के मुताबिक, उन्होंने अपनी अलमारी में कुल 7 लाख रुपये कैश रखे थे, जो उन्हें अपनी मां को होमटाउन भेजने थे। कुछ दिनों बाद जब उन्होंने अलमारी खोलकर पैसे निकालने की कोशिश की, तो उन्हें सिर्फ 2.5 लाख रुपये ही मिले। शेष 4.5 लाख रुपये गायब थे।
गायब हुआ नौकर, पुलिस कर रही जांच
पैसों के गायब होने के बाद से ही उनका नौकर सचिन लापता है, जिससे शक उसी पर गहराया है। कशिश ने तुरंत अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सचिन की तलाश में जुट गई है। शुरुआती जांच में संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी ने चोरी के बाद फरार होने की योजना पहले से बना रखी थी।
इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कशिश कपूर ने कहा,
“मैं बहुत दुखी हूं। मैंने जिस इंसान पर भरोसा किया, उसी ने मेरे विश्वास को तोड़ा। मुझे उम्मीद है कि पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करेगी और मुझे न्याय मिलेगा।”