तलाक की खुशी में शख्स ने दूध से किया स्नान, बोले – “अब मैं आज़ाद हूं!”

By: PalPal India News
July 14, 2025

नई दिल्ली. असम के नलबारी जिले से एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने तलाक मिलने की खुशी में दूध से स्नान किया। मानिक अली नामक इस शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने घर के बाहर प्लास्टिक शीट पर खड़े होकर दूध से भरी बाल्टियां खुद पर उड़ेलते नजर आ रहे हैं।

मानिक अली ने अपनी पत्नी से कानूनी रूप से अलग होने के बाद यह जश्न मनाया। वीडियो में वह गर्व से कहते हैं, “आज से मैं आज़ाद हूं।” इस अनोखे अंदाज़ में तलाक का जश्न मनाने पर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं – कोई इसे मजेदार बता रहा है तो कोई इसे हैरान करने वाला कदम मान रहा है।

वीडियो में मानिक बताते हैं कि उनकी पत्नी बार-बार घर छोड़कर चली जाती थी। उन्होंने कहा,
“वह अपने प्रेमी के साथ दो बार भाग चुकी थी। मैंने अपने परिवार की शांति के लिए चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब तलाक फाइनल हो चुका है और मैं सुकून महसूस कर रहा हूं।”

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह जोड़ा आपसी सहमति से अलग हुआ है। मानिक ने बताया कि उन्हें उनके वकील ने तलाक की पुष्टि दी, जिसके बाद उन्होंने अपनी “आज़ादी” को दूध से नहाकर सेलिब्रेट करने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *