30 साल बाद फिर कांवड़िए बने सांसद मनोज तिवारी, 110 km पैदल चलकर चढ़ाएंगे बाबा को जल

By: PalPal India News
July 31, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिबीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने 30 साल बाद फिर से कांवड़ यात्रा शुरू की है। वे 31 जुलाई को बिहार के सुल्तानगंज से पैदल चलकर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक 110 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। यह यात्रा 3 अगस्त को पूरी होगी। उन्होंने कहा कि वे सभी सनातनियों के कल्याण की प्रार्थना करेंगे।

उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद और पूर्वांचल के बड़े चेहरे मनोज तिवारी एक बार फिर अपने भक्तिमय रूप में नजर आ रहे हैं। इस बार वो 30 साल बाद फिर से कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने 31 जुलाई को बिहार के सुल्तानगंज से पैदल यात्रा शुरू कर दी है, जिसका अंत 3 अगस्त को झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाकर होगा। 110 किलोमीटर की यह यात्रा तिवारी पैदल, नंगे पांव तय करेंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा उनके लिए सिर्फ एक आध्यात्मिक सफर नहीं, बल्कि भक्ति और भाव की एक मिसाल है।

मनोज तिवारी ने किया पोस्ट
मनोज तिवारी ने अपने ऑफिशियल X (पहले ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “30 साल बाद बाबा की नगरी की ओर कांवड़ लेकर निकल रहा हूं। 110 किलोमीटर की ये यात्रा नंगे पांव करूंगा और बाबा से सभी शिवभक्तों, दिल्ली और बिहारवासियों की भलाई की प्रार्थना करूंगा। बोल बम!” मनोज तिवारी की इस यात्रा को लेकर ना सिर्फ उनके समर्थकों में उत्साह है, बल्कि यह भी माना जा रहा है कि वे बीजेपी की ओर से सनातन संस्कृति से जुड़े जनमानस को संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर जोरदार तैयारी
दिल्ली में इस बार कांवड़ यात्रा को लेकर भी जोरदार तैयारी की गई है। दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 200 से ज्यादा कांवड़ शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि कांवड़ियों की सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस बार की कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू हुई थी और 23 जुलाई को शिवरात्रि के मौके पर कई श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों के पास के शिव मंदिरों में जल अर्पित किया। वहीं मनोज तिवारी जैसे बड़े नेता का पैदल यात्रा करना, इस धार्मिक यात्रा को और भी खास बना देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *