स्वच्छता सर्वेक्षण में पांचवा स्थान मिलने पर जबलपुर में मनेगा उत्सव, लकी ड्रॉ जीतने वाले को 1 लाख का इनाम

By: PalPal India News
August 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। संस्कारधानी जबलपुर में 1 अगस्त को बड़ा आयोजन होने जा रहा है. यह आयोजन स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में जबलपुर को पांचवीं रेटिंग मिलने की खुशी में हो रहा है. जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नु ने बताया कि, ”इस मौके पर जबलपुर की व्यापारिक प्रतिष्ठान 10 से 15% छूट पर सामान बेचेंगे. 1 अगस्त के दिन हजारों लोग सफाई का शपथ पत्र भरेंगे. इनका लकी ड्रॉ निकाला जाएगा और एक आदमी को ₹ 1 लाख का इनाम भी मिलेगा. जबलपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में कई मामलों में अच्छी सफलता प्राप्त की है.”

1 अगस्त को जबलपुर मनाएगा उत्सव
जबलपुर नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर की इन उपलब्धियां पर उत्सव मनाने के लिए 1 अगस्त का दिन तय किया है. नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह अनु ने लोगों से अपील की है कि 1 अगस्त के दिन लोग अपने घरों स्कूल कॉलेज में सजावट करेंगे. सरकारी दफ्तरों में सजावट की जाएगी लोग अपने प्रतिष्ठानों में सजावट करेंगे. इसके अलावा पूरे शहर में खरीददारी पर विशेष छूट दी जाएगी.

लकी ड्रॉ निकाला जाएगा, 1 लाख का प्राइज
इसके साथ ही शहर के हजारों लोग एक साथ स्वच्छता की शपथ लेंगे. इन सभी का एक लकी ड्रॉ भी निकल जाएगा, जिसमें जिसकी लॉटरी निकलेगी उसे ₹1लाख रुपए और 10 अन्य लोगों को भी पुरस्कार दिया जाएगा. जबलपुर नगर निगम के अधिकारियों और नेताओं का कहना है कि, जबलपुर जिस तरह स्वच्छता के मामले में देश में पांचवे स्थान पर पहुंच गया है. यदि लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई तो वह दिन दूर नहीं जब हम पहले स्थान पर होंगे.

नेशनल क्लाइमेट सर्वे में जबलपुर को 100 अंक
जबलपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में देश के 4589 शहरों में पांचवा स्थान प्राप्त किया है. जबलपुर ने सफाई मित्र सुरक्षा में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. देश के 3581 शहरों में से मात्र 12 शहर ही ऐसे हैं जिन्हें कचरा मुक्त शहर के मामले में 7 स्टार रेटिंग मिली है. नेशनल क्लाइमेट सर्वे में जबलपुर को 100 में से 100 अंक मिले हैं. वहीं, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है.

ओडीएफ में जबलपुर को वाटर प्लस का अवॉर्ड
ओडीएफ ((Open Defecation Free) मतलब खुले में शौच से मुक्ति के मामले में जबलपुर को वाटर प्लस का अवॉर्ड मिला है. जबलपुर देश के 4908 नगरी निकायों में से उन 209 निकायों में शामिल है जिन्हें ओडीएफ में में वाटर प्लस मिला है. जबलपुर नगर निगम की आयुक्त प्रीति यादव ने बताया कि, ”जबलपुर को देशभर में सफाई में आगे लाने में सफाई मित्रों का विशेष सहयोग रहा है. इसके लिए उनकी ट्रेनिंग की गई. जबलपुर में अलग-अलग स्थान पर गरबेज, ट्रांसपोर्ट स्टेशन बनाए गए. इसके साथ ही घर-घर से कचरा उठाया गया.

जबलपुर से गुजरने वाली नदी में नहीं मिलता गंदा पानी
जबलपुर की सफलताएं यहीं नहीं रुकती हैं, बल्कि जबलपुर में सिटी ब्यूटीफिकेशन में और ब्यूटीफुल वर्ड में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. वहीं, हेरिटेज बिल्डिंगों के संरक्षण में जबलपुर देश में तीसरे स्थान पर है. जबलपुर देश का ऐसा शायद पहला शहर है जिनके करीब से गुजरने वाली बड़ी नदी में एक भी गंदा नाला गंदे पानी के साथ नहीं जुड़ता. जबलपुर में नर्मदा नदी के किनारे नर्मदा में मिलने वाले सभी नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए हैं और नर्मदा में अब केबल साफ पानी ही छोड़ जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *