ATS ने अफगानी नागरिक को किया गिरफ्तार, 10 साल से रह रहा था जबलपुर में, फर्जी दस्तावेज और पासपोर्ट बनवाता था आरोपी

By: PalPal India News
August 2, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के जबलपुर से एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक अफगानी नागरिक सोहबत खान को बड़ी ओमती इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अफगानी नागरिक पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट बनवाने का आरोप है। इसके साथ ही ATS ने फर्जी दस्तावेज से पासपार्ट बनवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में रह रहे अफगानी दोस्तों के लिए फर्जी पते और दस्तावेज के सहारे पासपोर्ट बनवाए।

वन आरक्षक और एक अन्य भी हिरासत में
सोहबत खान ने न केवल खुद के फर्जी दस्तावेज बनवाए बल्कि उसने 20 अफगानी नागरिकों की जानकारी दी है, जिनके लिए उसने जबलपुर के पते पर पासपोर्ट बनवाने का काम किया है. ये सभी लोग छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं. सोहबत खान जबलपुर के कुछ लोगों के साथ मिलकर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का काम कर रहा था. इसी वजह से एटीएस ने जबलपुर के विजयनगर में रहने वाले दिनेश गर्ग और कटंगा में रहने वाले महेंद्र कुमार को भी हिरासत में लिया है.

वेस्ट बंगाल से जबलपुर का करवाया आधार कार्ड
दिनेश गर्ग के बारे में बताया जा रहा है कि वह वन विभाग में वन आरक्षक है और 2 साल से कलेक्ट्रेट की चुनाव सेल में काम कर रहा था. इसी दौरान वह लोगों के सर्टिफिकेट बनवाने लगा. सोहबत खान ने 2015 में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया था और 2020 में उसने भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया. शुरुआत में उसके पास पश्चिम बंगाल का आधार कार्ड था, जिसे उसने परिवर्तित करवा कर जबलपुर का करवा लिया.

एटीएस ने इन सभी को हिरासत में ले लिया है और इनसे पूछताछ की जा रही है. इन लोगों से पूछताछ के बाद कुछ और मामलों का खुलासा होगा कि आखिर इन लोगों ने जिनके पासपोर्ट बनवाए हैं वे किसी गतिविधि में शामिल थे. इस मामले में और भी लोगों की गिरफ्तारी होने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *