इंदौर से कटनी जा रही युवती अचानक हुई लापता, उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला बैग, पुलिस ने की इनाम की घोषणा

By: PalPal India News
August 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दौर से कटनी जा रही 29 साल की अर्चना तिवारी रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई है। अर्चना ने 7 अगस्त की सुबह इंदौर से कटनी जाने वाली ट्रेन संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस पकड़ी थी। इस ट्रेन की बी-3 कोच में सीट नंबर 3 पर अर्चना सफर कर रही थीं। अर्चना इंदौर से रवाना हुईं और भोपाल के रेलवे स्टेशन रानी कमलापति तक देखी गईं। इसके बाद ट्रेन में उनका कोई अता-पता नहीं चला। उनका बैग उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला, लेकिन वह खुद कहां, इसका कुछ पता नहीं चल सका है।

ट्रेन से लापता हुई युवती

दरअसल अर्चना इंदौर में रहकर सिविल जज परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ वकालत भी कर रही थी। वह मूल रूप से कटनी जिले के मंगल नगर की रहने वाली थीं। ट्रेन यात्रा के दौरान सुबह 10.15 बजे उनकी अपने परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जब अर्चना की ट्रेन भोपाल रेलवे स्टेशन के आसपास थी। कटनी स्टेशन पर अर्चना के नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने तत्काल उनकी खोजबीन शुरू की और उमरिया में अपने रिश्तेदारों को सूचित किया। इसके बाद रिश्तेदारों ने खोजबीन शुरू की तो अर्चना का बैग उमरिया में ट्रेन में मिला, लेकिन अर्चना का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने की इनाम की घोषणा

अन्य यात्रियों के मुताबिक, वह इंदौर से भोपाल तक ट्रेन में दिखीं, लेकिन उसके बाद वह कहीं नजर नहीं आईं। जीआरपी कटनी के सब इंस्पेक्टर अनिल मरावी ने बताया कि वह पढ़ी लिखी और समझदार हैं। ऐसे में अचानक ट्रेन से उतर जाना या गायब हो जाना संदिग्ध है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ है। बता दें कि जब अर्चना अपने हॉस्टल से निकल रही थीं, उस समय का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कटनी कोतवाली टीआई अजय सिंह ने अर्चना की जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *