15 अगस्त और जन्माष्टमी पर बूचड़खाने और मांस की दुकानें रहेंगी बंद, इस शहर में आया बड़ा फैसला

By: PalPal India News
August 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिभारत में अब त्योहार और समारोह का सीजन शुरू हो चुका है। आने वाले 15 अगस्त की तारीख को स्वतंत्रता दिवस का समारोह मनाएगा। इसके बाद जन्माष्टमी का त्योहार भी सामने आ रहा है। पूरे देश में इन खास दिनों के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। इन त्योहारों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बड़ा फैसला किया गया है। यहां नगर निगम ने 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस और कृष्ण जन्माष्टमी के त्योहार पर शहर में सभी मीट की दुकानों और बूचड़खानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

क्या है नगर निगम का आदेश?

नागपुर नगर निगम ने घोषणा की है कि स्वतंत्रता दिवस और श्री कृष्ण जयंती (जन्माष्टमी) के अवसर पर शुक्रवार, 15 अगस्त 2025 को शहर के सभी बूचड़खाने और मांस की दुकानें बंद रहेंगी। यह आदेश नगर निगम के उपायुक्त  राजेश भगत द्वारा जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि नागपुर नगर निगम की सीमा के भीतर सभी बूचड़खाने और मांस की दुकानें बंद रहेंगी। यह भी कहा गया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम के उड़नदस्ते द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

लाल किले पर ध्वज फहराएंगे पीएम मोदी

15 अगस्त के दिन पूरे देश में विभिन्न जगहों पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिल्ली के प्रसिद्ध लाल किले पर ध्वज फहराएंगे और यहां से पूरे देश को संबोधित करेंगे। पूरे देश को इस बात का इंतजार है कि पीएम मोदी के संबोधन में इस बार क्या खास होने वाला है।

जन्माष्टमी कब मनाई जाएगी?

भारत में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार हर साल बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। आपको बता दें कि द्वापर युग में भाद्रपद माह की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। हर साल भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र पर कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाता है। विद्वानों के मुताबिक, इस साल पूरे देश में जन्माष्टमी का त्योहार 16 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *