पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उदयपुर में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव की धूम पूरे शहर में छाई हुई है. इस दौरान शहर के गणपति पांडालों में शाम होते ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ती है. सभी को गणपति के मनमोहक श्रृंगार का इंतजार रहता है, और बापूबाजार में स्थित ‘उदयपुर का राजा’ गणपति का श्रृंगार इस साल सबसे ज़्यादा चर्चा में रहा. यहां का नजारा वाकई में देखने लायक था.
उदयपुर का राजा के नाम से प्रसिद्ध भगवान गणपति की 17 फीट ऊंची प्रतिमा ने पूरे शहर का ध्यान खींचा. गणपति उत्सव के तहत, इस विशाल प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह था.
एक करोड़ से ज़्यादा की अंगी
इस साल गणपति को करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपये के नोटों से सजाया गया था. इस अनूठी अंगी (वस्त्र) की चर्चा पूरे राज्य में हो रही है, जिसने इसे महोत्सव का मुख्य आकर्षण बना दिया.
करंसी नोटों से बना अनोखा श्रृंगार
गणपति का श्रृंगार कोई सामान्य नहीं था, बल्कि यह भारतीय मुद्रा के अलग-अलग नोटों से तैयार किया गया था. इसमें 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया, जिसने इस श्रृंगार को और भी अनमोल बना दिया.