स्लीपर बस और बाइक की टक्कर में मामा-भांजी की दर्दनाक मौत,कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी भांजी

By: PalPal India News
September 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिझुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र में कोलिहान नगर के पास गुरुवार सुबह स्लीपर बस और बाइक की टक्कर में मामा-भांजी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार संजू (35) पुत्र बंसीलाल निवासी रुपसराय नांगल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भांजी मुनेश (18) पुत्री मुलचंद निवासी देव नगर बाडलवास को गंभीर हालत में खेतड़ी राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

बाइक के उड़ गए परखच्चे

जानकारी के अनुसार मुनेश खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद सरकारी कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान कोलिहान नगर बस स्टैंड के पास सामने से आ रही जोधपुर से सिंघाना जा रही स्लीपर बस से उनकी बाइक भिड़ गई। बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक समेत सड़क के किनारे मुंह के बल गिरे संजू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल मुनेश को प्राथमिक उपचार के बाद नीमकाथाना रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

बस जब्त, ड्राइवर हिरासत में

हादसे की जानकारी मिलते ही थानाधिकारी कैलाश चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में करवाया जाएगा। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि मुनेश खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट कॉलेज में पेपर देने के लिए निकली थी और एग्जाम सेंटर तक पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

One response to “स्लीपर बस और बाइक की टक्कर में मामा-भांजी की दर्दनाक मौत,कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी भांजी”

  1. […] शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में इन दिनों मरीजों और उनके परिजनों […]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *