मुस्कान को कई टुकड़े में काटा, दलदल से मिला सिर बाकी टुकड़ों की तलाश कर रही पुलिस, पति को किया गिरफ्तार

By: PalPal India News
September 5, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भिवंडी शहर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ईदगाह रोड स्थित झोपड़पट्टी, स्लॉटर हाऊस के पास खाड़ी से 30 अगस्त की सुबह एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ था।

कटा सिर मिलने से मची सनसनी

जानकारी अनुसार पूरा मामला 30 अगस्त का है, जब पुलिस को ईदगाह रोड स्थित झोपड़पट्टी के पास खाड़ी से एक महिला का सिर्फ सिर बरामद हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि महिला कौन थी, उसकी हत्या किसने की, हत्या कहां पर हुई और उसके शरीर का बाकी हिस्सा कहां है, ये सब सवाल पुलिस के लिए पेंच बने हुए थे। जानकारी मिलने के बाद भोईवाड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ उसी दिन मामला दर्ज कर सिर को शिनाख्त और शव विच्छेदन के लिए स्व. इंदिरा गांधी उप जिला अस्पताल भेज दिया।

मां ने दर्ज कराया गुमशुदगी का मामला

पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक रत्न पारखी और पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुंभार ने दो विशेष जांच दल गठित किए। इस बीच नवी बस्ती निवासी एक महिला हनीफा खान जिसने अपनी बेटी परवीन उर्फ मुस्कान पत्नी मोहम्मद ताहा अंसारी की गुमशुदगी दर्ज कराई। उसने बताया कि बेटी का फोन दो दिन से बंद है और दामाद भी कोई जवाब नहीं दे रहा। जब पुलिस ने खाड़ी में मिले महिला के सिर का फोटो दिखाया, तो मां ने उसकी पहचान मुस्कान के रूप में कर ली।

आरोपी पति ने खोले हत्या के राज

इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मुस्कान के पति ताहा अंसारी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी पत्नी का सिर काटकर हत्या करने की बात कुबूल कर ली। हालांकि पुलिस की पूछताछ में वह सवालों के जवाब बदल-बदल कर दे रहा है। अभी भी महिला के शव का बाकी हिस्सा बरामद नहीं किया जा सकता है। पुलिस अब हत्या की वजह और मुस्कान के बाकी शरीर की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *