पलपल इंडिया प्रतिनिधि। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग पर वकील मार्क जुकरबर्ग ने मुकदमा कर दिया है। जी हाँ आपको भी जानकर हैरानी होगी की अमेरिका के इंडियाना स्टेट में रहने वाले वकील मार्क जुकरबर्ग ने मार्क जुकरबर्ग की कंपनी Meta के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है। इसके बाद कंपनी को वकील से माफी मांगनी पड़ी है।
क्या है मामला?
दरअसल अमेरिका के इंडियाना स्टेट में रहने वाले वकील, जिसका पूरा नाम मार्क एस. जुकरबर्ग है उसने दावा किया है, कि फेसबुक ने पिछले 8 साल में 5 बार उसके अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। उसने बताया कि मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक ने उसके अकाउंट को ब्लॉक करने के पीछे यही तर्क दिया है कि वो किसी और का नाम इस्तेमाल कर रहा है। वकील मार्क जुकरबर्ग ने अपनी शिकायत में कहा कि फेसबुक द्वारा बार-बार उसका अकाउंट ब्लॉक करने की वजह से उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उसकी हजारों डॉलर की कमाई खत्म हो गई।
मार्क एस. जुकरबर्ग ने बताया कि फेसबुक ने उसके अकाउंट को एक बार नहीं कई बार सस्पेंड कर चूका। इसकी वजह से उसकी प्रोफेशनल लाइफ पूरी तरह से तबाह हो गई। फेसबुक द्वारा अकाउंट सस्पेंड होने से उसके 11 हजार डॉलर यानी लगभग 8.2 लाख रुपये के विज्ञापन हटा दिए गए। उसने अपनी प्रोफेशन से जुड़े विज्ञापन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिए थे। वकील ने अपनी असली पहचान साबित करने के लिए हर संभव कोशिश की। उन्होंने फेसबुक को अपनी फोटो आईडी, क्रेडिट कार्ड आदि की कई तस्वीरें भी भेजी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका नाम पहले से ही मार्क था। मेटा के हेड के फेमस होने से पहले भी वो मार्क जुकरबर्ग ही थे।
Meta ने कहा -‘सॉरी’
मार्क एस. जुकरबर्ग द्वारा मुकदमा दायर करने के बाद मेटा ने अपनी गलती स्वीकार ली और वकील से माफी भी मांगी है। कंपनी ने बताया कि उनके अकाउंट को गलती से सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि, वकील का फेसबुक अकाउंट अब बहाल कर दिया गया है।