सदर स्थित इंडियन कॉफी हाउस के सामने कार में मिला आर्मी अधिकारी का शव

By: PalPal India News
September 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। शहर के सदर स्थित इंडियन कॉफी हाउस के सामने आज उस समय सनसनी फैल गई जब पार्किंग में खड़ी एक कार से आर्मी अधिकारी का शव बरामद हुआ। राहगीरों ने कार के अंदर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को घेराबंदी कर जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार में मृत मिले व्यक्ति की पहचान मेजर वी. विजय कुमार के रूप में हुई है, जो कि मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच), जबलपुर में पदस्थ थे। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने तुरंत आर्मी इंटेलिजेंस और मिलिट्री अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आर्मी अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अधिकारी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे कार की ड्राइविंग सीट पर ही बैठे थे और अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *