पलपल इंडिया प्रतिनिधि। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को मध्य प्रदेश दौरे पर आए। इस दौरान सतना पहुंचे एमपी के पूर्व सीएम का भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद अमरापाटन में शिवराज सिंह अपने चिर परचित अंदाज मे नजर आये। वह सभी छोटे बड़े नेताओं से मुलाकात कर उनके नाम से सम्बोधित करते रहे। वही, इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने केतली से सड़क पर चाय बेच रहे चाय वाले को देखा तब अपना वाहन रुकवा दिया। चाय वाले को बुलाकर शिवराज सिंह चौहान ने चाय पी।
निजी कार्यक्रम के लिए सतना पहुंचे थे मंत्री शिवराज
शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना के साथ गुरुवार सुबह रेवांचल एक्सप्रेस से सतना पहुंचे थे। यहां वह स्टेशन से पहले सर्किट हाउस पहुंचे। उसके बाद पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य लक्ष्मी यादव के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। इसके बाद शिवराज सिंह पूर्व महापौर ममता पांडेय के निवास पहुंचे। वहां उनकी बहु के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय कृषि मंत्री और एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सतना पहुंचे थे। कांग्रेस विधायक ने किसानों के मुद्दों को लेकर बीच सड़क में ही उनका काफिला रोक लिया और खाद की समस्या बताई। इसी बीच शिवराज कैमरा बंद कराते नजर आए। इस पर कांग्रेस ने शिवराज सिंह चौहान पर जमकर तंज कसा है। दरअसल, गुरुवार को जब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला शहर से गुजर रहा था, तभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ काफिले के सामने आ गए।
कुशवाहा ने मंत्री शिवराज सिंह को जिले में हो रही भीषण खाद संकट से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि समय पर खाद न मिलने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और प्रशासन किसानों की सुनने के बजाय उन पर लाठियां चला रहा है।
विधायक ने शिवराज सिंह चौहान से कहा कि किसानों पर दर्ज पुराने मुकदमे वापस लिए जाएं। कुशवाहा ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। केंद्रीय मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए राज्य सरकार से चर्चा कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इसी दौरान कुछ लोग वहां वीडियो बना रहे थे। तभी शिवराज कहते हैं कि वीडियो मत बनाइए। जिसके बाद वीडियो बनाने वाला मोबाइल बंद कर देता है।