Gujraat News: गुजरात के मेहसाणा जिले में घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 28 साल की महिला को अपने पति की बहन और भाइयों ने अपनी पवित्रता साबित करने के लिए उबलते तेल में हाथ डालने के लिए मजबूर किया. इस बर्बरता में महिला बुरी तरह से झुलस गई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. महिला की ननद को उस पर शक था कि वह वफादार नहीं है और उसने पति व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर महिला को प्रताड़ित किया।
यह घटना 16 सितंबर को मेहसाणा के विजापुर के गेरिटा गांव में हुई. पीडि़ता , जो दो बच्चों की मां है और एक खेत मजदूर के रूप में काम करती है , ने अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत में उसने बताया कि उसकी ननद उस पर शक करती थी और अक्सर ताने मारती थी. शिकायत के अनुसार, ननद ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर उसकी निष्ठा परखने के लिए एक योजना बनाई. उन्होंने एक बर्तन में तेल गर्म किया और महिला को उसमें अपना हाथ डालकर यह साबित करने के लिए कहा कि वह पवित्र है.

पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि जब उसने ऐसा करने से इनकार किया , तो उसे पीटा गया और जबरदस्ती चूल्हे की तरफ धकेला गया, जिससे उसका हाथ उबलते तेल में गिर गया. जब वह दर्द से चिल्लाने लगी, तो भी उन्होंने उसे नहीं छोड़ा. उसकी ननद ने उसी बर्तन को उठाकर उसके दाहिने पैर पर उबलता तेल डाल दिया. महिला ने बताया कि उसे चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. महिला की चीखें सुनकर उसके पड़ोसी और पिता तुरंत वहां पहुंचे और उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है. पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ महीनों से उसके साथ यह उत्पीडऩ और गाली-गलौज लगातार हो रहा था.

विजयपुर पुलिस ने ननद और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हमला , आपराधिक धमकी और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारी ने कहा है कि वे पीडि़ता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में एक युवक पर बदमाशों ने खौलता तेल उड़ेल दिया। इन दोनों घटनाओं में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित युवक मोमासर बास निवासी राजू कुंजड़ा ने बताया कि वह घूम चक्कर के पास अपने ठेले पर बड़े-पकौड़े बनाकर गुजारा करता है. शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह अपने ठेले पर काम कर रहा था, उसका बड़ा भाई साबिर भी उसके साथ मौजूद था. उसी दौरान चार से पांच युवक आए और ठेले के आगे पीपे लगाकर अतिक्रमण करने लगे. विरोध करने पर झगड़ा शुरू हो गया और उन युवकों ने राजू व साबिर के साथ मारपीट शुरू कर दी.
राजू के अनुसार, आरोपियों ने थप्पड़, मुक्कों और लाठियों से उन पर हमला किया. जब पास के अन्य ठेला संचालकों ने बीच-बचाव किया, तो एक आरोपी ने राजू पर खौलता हुआ तेल डाल दिया. इस हमले में राजू का पेट और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए. पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बाद में और लोगों को बुलाकर जान से मारने की धमकी भी दी.
राजू ने पुलिस को दी शिकायत में चार हमलावरों के नाम भी बताए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है. शुरुआती पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.
7b1o1v