Bihar: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से शुक्रवार 3 अक्टूबर की सुबह पूर्णिया में 3 लोगों की मौत हो गई है. जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. जख्मी दोनों लोगों को पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह हादसा कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर कसबा जबनपुर के पास की है. बताया जा रहा है कि जोगबनी (अररिया) से दानापुर (पटना) जा रही वंदे भारत ट्रेन से कटकर मरने वाले सभी लोग दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे.
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. मौके पर पुलिस और रेलवे से जुड़े लोग भी पहुंचे. हादसे के संबंध में जो शुरुआती जानकारी मिली है उसके अनुसार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी. दो लड़कों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन यहां आने पर एक और की मौत हो गई. दूसरे की हालत गंभीर है जिसका इलाज जारी है. घटना की पुष्टि पूर्णिया में तैनात रेलवे के मैनेजर मुन्ना कुमार ने की है.

घायल को जीएमसी में भर्ती कराया गया है. खबर लिखे जाने तक मरने वालों में से किसी की पहचान नहीं हो सकी थी. रेलवे पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुट गई है. बता दें कि वंदे भारत ट्रेन जोगबनी से चलकर दानापुर (पटना) जाती है. शुक्रवार की सुबह करीब 4:30 बजे यह ट्रेन घटनास्थल से गुजर रही थी. वहीं घायल लड़का सिर्फ इतना बता पाया कि वे लोग जानकीनगर भांगहा के रहने वाले हैं. मखानाफोड़ी का काम करते हैं. वह आगे कुछ और बता पाता लेकिन बार-बार बेहोश हो जा रहा था.
इस हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई है. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई है. इस हदसे को लेकर स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं. पुलिस उनको समझाने का प्रयास कर रही है.

तीन दिन के अंदर यह दूसरी घटना है. इसको लेकर लोग आक्रोशित हैं. इससे पहले जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी. यह दूसरी घटना है. सहरसा में हटियागाछी रेलवे ढाला के पास 30 सितंबर को इसी ट्रेन से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोगबनी से दानापुर के बीच चलने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। यह ट्रेन 17 सितंबर से नियमित रूप से चल रही है और सीमांचल क्षेत्र को राजधानी पटना से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत है। ट्रेन जोगबनी से तड़के 3:25 बजे चलकर पूर्णिया 4:50 बजे पहुंचती है और फिर सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए सुबह 11:30 बजे पटना के दानापुर पहुंचती है।