पातेपुर थाना के प्रभारी हसन सरदार ने बताया कि पकड़ौआ विवाह का एक मामला सामने आया है. लड़के की BPSC के तहत टीचर की नौकरी हुई है. प्रभारी थानाध्यक्ष ने आगे कहा कि समाज में फैली इस कुरीति को खत्म किया जाना चाहिए. ताकि इस तरह की कोई और घटना ना हो.
पुलिस ने महनार थाना क्षेत्र के नारायणपुर डेढ़पुरा गांव में गौतम को खोज लिया. गौतम के साथ वो लड़की भी थी जिससे उनकी जबरदस्ती शादी कराई गई. पूछताछ में शिक्षक ने कहा कि बंदूक की नोक पर उनकी शादी करवाई गई. उन्होंने बताया कि राजेश राय नाम के शख्स की बेटी से उनकी जबरन शादी कराई गई है. पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
दरअसल, पकड़ौआ विवाह में दूल्हे का अपहरण कर बिना सहमति के उसकी शादी करा दी जाती है. रिपोर्ट्स की मानें तो बिहार में 80 के दशक में पकड़ौआ विवाह के अधिक मामले आने शुरू हुए थे. हाल ही में पटना हाई कोर्ट ने राज्य में पकड़ौआ विवाह के एक पुराने मामले में शादी रद्द कर दी थी. कोर्ट ने अपने फैसला में कहा कि जबरदस्ती सिंदूर लगाना या दवाब में लगवाना, हिंदू मैरिज एक्ट के तहत शादी नहीं मानी जाएगा.
पकड़ौआ शादी पर बॉलीवुड में जबरिया जोड़ी और अंतरद्वंद जैसी फिल्में भी बनी हैं. 2019 में आई फिल्म जबरिया जोड़ी में सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा ने अभिनय किया था. इस फिल्म में एक ऐसा किरदार दिखाया गया जो दहेज मांगने वाले दूल्हों को किडनैप कर लेता था. फिर उनकी शादी करवा देता था. उस किरदार का नजरिया तब बदलता है जब वह अपने बचपन के प्यार से मिलता है.
2008 में रिलीज हुई फिल्म अंतरद्वंद की कहानी भी पकड़ौआ शादी पर आधारित है. इस फिल्म में एक किरदार अपनी बेटी की शादी के लिए एक लड़के का अपहरण कर लेता है.