JABALPUR: फिल्म अन्नपूर्णी की स्टार कास्ट पर प्रकरण दर्ज, धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप..!

By: PalPal India News
January 11, 2024

पलपल संवाददाता, जबलपुर. ओटीटी प्लेटफार्म पर चल रही फिल्म अन्नपूर्णी के एक्टरों द्वारा भगवान राम का अपमान किए जाने को लेकर हिंदू सेवा परिषद ने विरोध जताते हुए ओमती थाना में शिकायत की है. परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि फिल्म फरहान नाम के कलाकार ने भगवान राम, सीता, शिव, लक्ष्मण व तमिल भगवान मुरुगन का अपमान किया है.

हिन्दू सेवा परिषद के अध्यक्ष अतुल जैसवानी ने शिकायत करते हुए पुलिस अधिकारियों को बताया कि फिल्म अन्नपूर्णी में भगवान  राम को वनवास के समय जानवरों का वध कर भोजन करते दिखाया है. जो पूर्णरुप से गलत है. फिल्म में इस तरह के सीन हिन्दू धर्म व भगवान राम का अपमान है. इससे करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है. फिल्म के सभी किरदार सहित निर्माता व निर्देशक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए. इसके अलावा हिंदू सेवा परिषद के पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि फिल्म के आखिरी सीन में बिरयानी बनाने से पहले मंदिर के पुजारी की बेटी हिजाब पहन कर नमाज पढ़ती है. इतना ही नहीं फिल्म लव जिहाद को यह बढ़ावा भी दे रही है.

फिल्म में फरहान ने कलाकार का ब्रेनवाश कर मांस काटा है. उसका कहना है कि भगवान राम व सीता जी ने भी मांस खाया है. फिल्म के एक सीन में यह भी बताया गया है कि एक्टर  के पिता एक मंदिर के प्रधान पुजारी है वे विष्णु भगवान के लिए कई पीढिय़ों से भोग बना रहे हैं  लेकिन उनकी बेटी को मांस बनाते हुए दिखाया गया है. हिंदू सेवा परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि फिल्म में एक ब्राह्मण हिंदू लड़की को मुस्लिम धर्म के लिए प्रेरित करना तथा हमारे धार्मिक ग्रंथ जैसे रामायण, पुराण एवं अन्य धार्मिक ग्रंथो का गलत तरीके से गलत तथ्यों के साथ भगवानों को अपमानित करना प्रदर्शित किया गया है. हिन्दू सेवा परिषद ने मध्यप्रदेश सरकार से फिल्म को प्रदेश में बैन करने की मांग कर निर्देशक निलेश कृष्णा, कलाकार नयनतारा, निर्माता जतिन सेठी, आर रवींद्ररन, पुनीत गोयका व सारिका पटेल, मोनिका शेरगिल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए. ओमती पुलिस ने शिकायत के बाद कई धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *