पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दमोह रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह ढाई महीने के बच्चे शिवम आदिवासी के साथ मारपीट कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने देर रात छतरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम कमलेश विश्वकर्मा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बच्चे को मारने के बाद आरोपी स्कूटी से दमोह से सागर रोड होते हुए छतरपुर भाग गया था।
उधर, जिस बच्चे की मौत को हत्या माना जा रहा था वह अतिकुपोषित था, शॉर्ट पीएम में किसी तरह की चोट सामने नहीं आई है। रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि बच्चा अति कुपोषित था। ऐसे में रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बच्चे की विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
दरअसल, दमोह के मडियादो थाना के घोघरा गांव में रहने वाला 21 साल का लेखराम आदिवासी दिल्ली में मजदूरी करता है। शनिवार सुबह वह गोंडवाना एक्सप्रेस से अपनी पत्नी रामसखी और ढाई माह के बच्चे शिवम के साथ दमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर उतरा था। बच्चे का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह उसे दमोह में ही डॉक्टर को दिखाना चाह रहा था। इसके लिए वह दिन निकलने का इंतजार करने लगा और प्लेटफार्म क्रमांक एक पर अपनी पत्नी व बच्चे के साथ बैठ गया। कुछ देर बाद वह अपने भाई से कॉल पर बात कर उसे दमोह आने की जानकारी दे रहा था। इसी दौरान काले कलर का कुर्ता और भगवा कलर की धोती पहने एक अज्ञात आरोपी आया और उसने मां की गोद में सो रहे बच्चे को लेकर मारपीट शुरू कर दी। साथ ही बच्चे की मां को भी पीटना शुरू कर दिया। लेखराम बीच बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और वहां से फरार हो गया। मारपीट से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
HIGHLIGHTS