24 घंटे गुलजार रहेंगे प्रदेश के बड़े शहरों के बाजार

By: PalPal India News
June 17, 2024

भोपाल समाचार – 24 घंटे गुलजार रहेंगे प्रदेश के बड़े शहरों के बाजार

पलपल इंडिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के बड़े शहरों में मॉल रेस्टोरेंट आईटी सेक्टर मुख्य बाजार और बिजनेस सेंटर अब 24 घंटे सातों दिन खुले रहेंगे। नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्रों में यह सुविधा मिलेगी। इसे लेकर राज्य सरकार ने श्रम विभाग के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। इसका नोटिफिकेशन एक-दो दिन में जारी होने की संभावना है। इसके बाद से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। प्रस्ताव के मुताबिक, बाजार, रेस्टोरेंट, मॉल, होटल, बिजनेस सेंटर और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यालय 24 घंटे खुले रहेंगे। हालांकि पब, बार, क्लब, शराब दुकानें नियत समय पर ही बंद होंगे।

इस व्यवस्था के प्रभाव में आने के बाद मध्य प्रदेश ऐसा करने वाला देश का सातवां राज्य बन जाएगा। जहां पूरे 24 घंटे और सातों दिन बाजार खुले रहेंगे। श्रम विभाग के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत सभी 16 नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्रों में बाजार रातभर खुले रहेंगे।

पहले श्रम विभाग ने भोपाल और इंदौर नगर निगम क्षेत्र में इस व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करना प्रस्तावित किया था, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नगर निगम क्षेत्रों में इस लागू करने के लिए कहा है।

रोजगार के नए अवसर होंगे उपलब्ध

श्रम विभाग का कहना है कि जिस तरह महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तेलंगाना में माल, रेस्टोरेंट, मुख्य बाजार और बिजनेस सेंटर 24 घंटे खुले रहते हैं, वैसी ही व्यवस्था मध्य प्रदेश में भी लागू होने से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और राजस्व में भी वृद्धि होगी। प्रदेश में 24 घंटे बाजार खुलने से GST में बढ़ोतरी होगी। इसके आलावा रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। 8 घंटे की शिफ्ट के हिसाब से 3 शिफ्टों में काम होगा। इसके अतिरिक्त सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम करने की अनुमति किसी को नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *