पलपल इंडिया प्रतिनिधि जबलपुर। जबलपुर साऊथ ईस्टर्न रेलवे के नैनपुर में पदस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर (ब्रिज) उदय कुमार को सीबीआई की जबलपुर यूनिट ने बुधवार को 39 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश सोनी रेलवे में ठेकेदार है नैनपुर में उनके द्वारा काम किया जा रहा है। उनका 13 लाख रुपए का बिल सीनियर सेक्शन इंजीनियर उदय कुमार के पास अटका था। ओमप्रकाश सोनी ने जब उदय से बिल पास करने के लिए कहा, तो उदय ने बिल की रकम की तीन प्रतिशत राशि बतौर रिश्वत मांगी। यह रकम 23 जून को ओमप्रकाश को फोन कर मांगी गई थी। 24 जून को भी रिश्वत की राशि के लिए उदय ने उसे फोन किया। मामले की शिकायत ओमप्रकाश ने सीबीआई से की थी, जिसके बाद उदय के कहने पर ओमप्रकाश रिश्वत की रकम लेकर उसके कार्यालय पहुंचा। इसके पूर्व सीबीआई की टीम वहां पहुंच गई थी। जैसे ही ओमप्रकाश ने रकम दी, तो वहां पहले से मौजूद सीबीआई की टीम ने उदय को गिरफ्तार कर लिया।